वर्षों से सक्रिय चोरी गिरोह का भंडाफोड़, रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, बड़े खुलासे
शहडोल | थाना जैतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रसमोहनी में बीते कई वर्षों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी थी। आए दिन घरों में सेंधमारी और छोटे-बड़े सामान की चोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। अब 20 जनवरी 2026 की एक घटना ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया है।
दिनांक 20.01.2026 की रात्रि रसमोहनी निवासी विवेक सोनी के घर में चोरी की नीयत से एक युवक घुस आया। घर में आहट होने पर विवेक सोनी जाग गए और बिना समय गंवाए मोबाइल फोन के जरिए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी से थाना जैतपुर में की गई पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका एक अन्य साथी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी रसमोहनी क्षेत्र में पहले भी कई छोटी चोरियों को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान
सूरज सिंह गोंड उर्फ छोटू (पिता लिखिराम सिंह गोंड, उम्र 22 वर्ष)
एवं अनिल प्रजापति (पिता धीरज प्रजापति, उम्र 20 वर्ष),
दोनों निवासी ग्राम बरगवां-24 के रूप में हुई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया मशरूका तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 23/26, 459/25, 460/25 के तहत धारा 305(ए), 331(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply