Updated On: 20 Jul, 2026

जानिए अब तक CJP के 'संसद चलो' प्रदर्शन में क्या-क्या हुआ? | पूरा टाइमलाइन अपडेट

7:00 AM | दिल्ली हाई अलर्ट पर

संसद मार्च को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए। 5,000 से अधिक दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात किए गए। नई दिल्ली को 15 सुरक्षा जोन में बांटा गया और कई मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त निगरानी शुरू हुई।

8:00 AM | सोनम वांगचुक का बड़ा संदेश

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने समर्थकों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें रखीं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने की मांग दोहराई।

9:00 AM | जंतर-मंतर से संसद मार्च शुरू

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से मार्च की शुरुआत करते हुए कहा कि देशभर से लोग लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने पहुंचे हैं और संसद जाने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता।

10:20 AM | पुलिस और प्रदर्शनकारियों में पहली झड़प

जंतर-मंतर पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया, जबकि कई विपक्षी नेताओं को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोका गया।

11:30 AM | विपक्षी नेताओं का समर्थन

आतिशी, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह सहित कई विपक्षी नेता बैरिकेडिंग पार कर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे। वहीं, सोनम वांगचुक की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई तय हुई।

12:15 PM | सरकार से बातचीत की पहल

CJP ने दावा किया कि सरकार ने बातचीत के लिए संपर्क किया है। पार्टी के प्रतिनिधियों की केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की जानकारी भी सामने आई।

12:45 PM | रेल भवन तक पहुंचा मार्च

प्रदर्शनकारी रेल भवन तक पहुंच गए। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और बैरिकेडिंग को और मजबूत किया।

1:15 PM | विजय चौक तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

मार्च विजय चौक तक पहुंचा, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इसके बाद संसद भवन की सुरक्षा बढ़ा दी गई और कुछ प्रवेश द्वार एहतियातन बंद कर दिए गए।

1:35 PM | संसद परिसर के पास हाई अलर्ट

प्रदर्शनकारी रेल भवन के रास्ते संसद परिसर के बेहद करीब पहुंच गए। सुरक्षा एजेंसियों ने संसद के आसपास अतिरिक्त CRPF और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की। प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए टियर गैस और लगातार अनाउंसमेंट किए गए।

2:00 PM | विपक्ष का सरकार पर हमला

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बयान जारी किए।

2:25 PM | कनॉट प्लेस तक पहुंचा प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस और नेशनल मीडिया सेंटर के आसपास जुट गए। आउटर सर्कल और आसपास के कई रास्तों पर भारी जाम लग गया, जबकि रायसीना रोड पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया।

2:41 PM | अभिजीत दीपके को लेकर दावा

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्होंने विपक्षी सांसदों से प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आगे आने की अपील भी की। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

2:49 PM | झड़प में पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में एक सब-इंस्पेक्टर सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स के पास पथराव किया।