Updated On: 14 Oct, 2025

जुड़वा बच्चों की हत्या की, फिर चौथी मंजिल से लगा दी छलांग… महिला ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?

तेलंगाना के हैदराबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक मां ने पहले अपने ही दो साल के जुड़वां बच्चों की हत्या की और फिर खुद चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना बालानगर इलाके के पद्मराव नगर फेज-1 में हुई है। मृतक महिला की पहचान 27 वर्षीय चल्लारी साई लक्ष्मी के रूप में हुई है। वह अपने पति अनिल कुमार और दो बच्चों चेतन कार्तिकेय और लस्यता वल्ली के साथ रहती थी।
पुलिस के मुताबिक, साई लक्ष्मी ने अपने दोनों बच्चों की हत्या तकिये से दबाकर की। इसके बाद उसने खुद भी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ एक बच्चे के इलाज को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि साई लक्ष्मी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने बताया कि परिवार में कुछ समय से तनाव चल रहा था। साई लक्ष्मी चाहती थी कि उसके बेटे का बोलने का इलाज कराया जाए, लेकिन इस बात पर पति-पत्नी में मतभेद हो गया। झगड़े के बाद साई लक्ष्मी ने गुस्से और मानसिक दबाव में अपने ही बच्चों को मौत के घाट उतार दिया और फिर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक पल में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। पड़ोसी भी इस घटना को लेकर सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को ही वजह माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद होगी।
यह घटना समाज के लिए एक गंभीर संदेश है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक मतभेद अगर समय रहते नहीं सुलझाए जाएं तो कितनी बड़ी त्रासदी बन सकते हैं।