Updated On: 18 Oct, 2025

दिल दहला देने वाली वारदात: बॉयफ्रेंड ने महिला का गला रेतकर की हत्या, जुड़वां बच्चों की दुनिया उजड़ी

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका अपने दो जुड़वां बेटों की अकेले परवरिश कर रही थी, क्योंकि उसका पति उसे पहले ही छोड़कर जा चुका था।

पुलिस के मुताबिक, घटना अक्कय्यापलेम के नंदगिरी नगर की है। यहां श्रवण संध्यारानी उर्फ सोनू नाम की महिला किराए के मकान में अपने एक विकलांग बेटे के साथ रहती थी, जबकि दूसरा बेटा हॉस्टल में था। करीब आठ महीने पहले उसका पड़ोसी कंदिपल्ली श्रीनिवास राव से अफेयर शुरू हुआ था।
बीते बुधवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। शाम के वक्त जब संध्यारानी टहलने निकली, तो श्रीनिवास ने पीछे से उसका पीछा किया और सरेराह चाकू से गला काट दिया। महिला मौके पर ही गिर पड़ी और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। कुछ घंटों की तलाश के बाद पुलिस ने श्रीनिवास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी के किसी दूसरी महिला से संबंध थे, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ा हुआ था।
मृतका के पिता रिटायर्ड पुलिसकर्मी थे, जिनका कुछ साल पहले निधन हो चुका है। पति के छोड़ जाने के बाद वह दोनों बेटों की जिम्मेदारी खुद निभा रही थीं। पुलिस ने बताया कि अब दोनों बच्चों को उनके पिता के पास भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना समाज में महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा के प्रति बढ़ती संवेदनहीनता का ताज़ा उदाहरण है।