महाराष्ट्र के नंदुरबार में दर्दनाक हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी पिकअप खाई में गिरी, 8 की मौत, कई घायल
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जिले के शाहदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चांदशैली घाट पर श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 8 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तीर्थ यात्रा पूरी कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, वाहन अस्तंबा देवी मंदिर की तीर्थ यात्रा पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं को लेकर आ रहा था। यह यात्रा नंदुरबार जिले में हर साल नवरात्रि के दौरान आयोजित की जाती है। शनिवार सुबह जब वाहन चांदशैली घाट के मोड़ पर पहुंचा, तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का पिछला हिस्सा पूरी तरह कुचल गया। कई श्रद्धालु वाहन के अंदर फंस गए थे।
स्थानीय लोगों ने किया बचाव कार्य
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शाहदा पुलिस स्टेशन से राहत दल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
एसडीओपी और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा चुकी है।
लापरवाही या ड्राइवर की गलती?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन की स्पीड अधिक थी, जिससे मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ गया। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वाहन की मेंटेनेंस में लापरवाही बरती गई थी। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
इस हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों के इलाज की व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन ने जिला अस्पताल से अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाया है।
24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा
गौरतलब है कि शुक्रवार रात भी महाराष्ट्र के वाशिम जिले में समृद्धि महामार्ग पर एक कार डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने राज्य में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply