मुंबई: भारी भीड़ के चलते कर्मभूमि एक्सप्रेस से गिरे 3 यात्री, 2 की मौत
दिवाली जैसे बड़े त्योहार के समय देशभर में ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। इस भीड़ का एक दर्दनाक परिणाम सामने आया है मुंबई से बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में, जहां तीन यात्री चलती ट्रेन से गिर गए। यह हादसा महाराष्ट्र के नासिक जिले के पास हुआ। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने की वजह से तीन यात्री गिर गए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा यात्री गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा नासिक रोड रेलवे स्टेशन के नजदीक हुआ, जहां कर्मभूमि एक्सप्रेस जब गुजर रही थी, तब पटरी के किलोमीटर संख्या 190/1 और 190/3 के बीच यह दुर्घटना घटी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है, लेकिन अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। उनके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यात्री जनरल कोच में सवार थे, जो त्योहार के सीजन में सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले डिब्बों में गिना जाता है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह जांच भी की जा रही है कि क्या यात्री सिर्फ दिवाली मनाने जा रहे थे या बिहार में होने वाले आगामी चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे थे। भीड़ के प्रबंधन को लेकर रेलवे प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। त्योहारों के समय अतिरिक्त ट्रेनों और कोचों की जरूरत लंबे समय से जताई जा रही है, लेकिन इस ओर अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर से रेलवे की व्यवस्थाओं और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने पर यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है।

Leave a Reply