चक्रवात ‘मोंथा’ के कारण कई राज्यों में हाई अलर्ट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवात ‘मोंथा’ अब तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसके चलते आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कई राज्यों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवाती प्रणाली इस समय पोर्ट ब्लेयर से लगभग 620 किलोमीटर और चेन्नई से 780 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। अगले 12 घंटों में इसके मजबूत होकर गंभीर चक्रवात ‘मोंथा’ में बदलने की संभावना है। 28 अक्टूबर की सुबह यह तटीय क्षेत्रों के नजदीक पहुंचेगा और रात तक आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच तट से टकराने की आशंका है। उस समय हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
ओडिशा में सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश सरकार ने तटीय और निचले इलाकों से लोगों की निकासी शुरू कर दी है। स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं और राहत दलों को तैयार रखा गया है।
तमिलनाडु के चेन्नई और आसपास के जिलों में हल्की बारिश शुरू हो चुकी है, जो आने वाले दिनों में तेज हो सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली–NCR में भी 27 और 28 अक्टूबर को बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट और प्रदूषण में राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और कड़ाके की ठंड शुरू होने की संभावना जताई गई है।
IMD ने सभी राज्यों को सतर्क रहने, यात्रा से बचने और समुद्री गतिविधियों पर रोक लगाने की सलाह दी है।

Leave a Reply