कैरेबियन में तबाही: ‘मेलिसा’ बना साल 2025 का सबसे शक्तिशाली तूफान, जमैका में मचा हाहाकार
लेखन: देवकांत मिश्रा
कैरेबियाई सागर में बना भयंकर चक्रवात ‘मेलिसा’ अब तक का सबसे ताकतवर तूफान बन गया है। सोमवार रात इसकी हवा की रफ्तार 280 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे यह श्रेणी-5 के तूफानों में शामिल हो गया। अमेरिकी मौसम एजेंसी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यह तूफान जमैका के तटीय इलाकों में भीषण तबाही मचा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेलिसा पहले ही हैती और डोमिनिकन गणराज्य में तबाही का कारण बन चुका है। अब तक इन दोनों देशों में कम से कम चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और सैकड़ों लोग बेघर हो चुके हैं। जमैका में प्रशासन ने आपातकाल घोषित करते हुए राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, तूफान का केंद्रीय दबाव 901 मिलीबार तक गिर गया है — जो इसे बेहद खतरनाक श्रेणी में लाता है। तुलना की जाए तो वर्ष 2005 में आए प्रसिद्ध कैटरीना तूफान का दबाव 902 मिलीबार था, यानी ‘मेलिसा’ उससे भी अधिक ताकतवर साबित हो रहा है।
जमैका में लगातार बारिश और तेज़ हवाओं से बाढ़, भूस्खलन और बिजली कटौती की स्थिति बन गई है। कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि समुद्र में 13 फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि तटीय इलाकों से सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे को बेहद महत्वपूर्ण बताया है और लोगों से घरों में रहने, समुद्र से दूर रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
‘मेलिसा’ अब 2025 का सबसे भयावह और रिकॉर्ड तोड़ तूफान बन चुका है, जिसने कैरेबियाई देशों में दहशत फैला दी है।

Leave a Reply