Updated On: 02 Nov, 2025

मेक्सिको के सोनारा में सुपरमार्केट में भीषण धमाका, 23 लोगों की मौत, 11 घायल — राष्ट्रपति ने जताया शोक

मेक्सिको के सोनोरा राज्य की राजधानी हर्मोसिलो में रविवार को एक सुपरमार्केट में भीषण धमाके के बाद आग लग गई, जिससे कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर और आसपास खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह धमाका शहर के एक बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अंदर ही फंस गए। बचाव टीमों और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। अब तक 12 से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट से धमाका हुआ और देखते ही देखते इमारत में आग फैल गई। रेड क्रॉस के 40 कर्मचारी और 10 एंबुलेंस लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

सोनोरा के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि कई लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। वहीं, राज्य के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास ने भी माना कि ज्यादातर लोगों की जान जहरीले धुएं से गई है, न कि जलने से।

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हरमोसिलो शहर के स्टोर में लगी आग में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं राज्य सरकार के संपर्क में हूं और गृह मंत्री रोजा इसेला रोड्रिग्ज को तुरंत सहायता टीम भेजने के निर्देश दिए हैं।”

अधिकारियों ने किसी भी आतंकी या नस्लीय हिंसा की संभावना से इनकार किया है। यह हादसा उस समय हुआ जब मेक्सिको में पारंपरिक ‘डे ऑफ द डेड’ उत्सव मनाया जा रहा था। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस हादसे ने पूरे मेक्सिको को गहरे सदमे और गुस्से में डाल दिया है।