ड्रग माफिया के घर बोरियों में मिले 2 करोड़ रुपये, 22 घंटे चली गिनती
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने एक बड़े ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव में रहने वाले कुख्यात ड्रग माफिया राजेश मिश्रा के घर छापेमारी के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये नकद, गांजा और स्मैक बरामद हुआ। पुलिस को घर में रखी बोरियों से 2 करोड़ 1 लाख 55 हजार रुपये मिले, जिनकी गिनती में अधिकारियों को पूरे 22 घंटे लग गए।
छापेमारी के दौरान टीम को घर के कई हिस्सों में नोटों से भरी बोरियां, मादक पदार्थों के पैकेट और कुछ दस्तावेज मिले। जांच में पाया गया कि राजेश मिश्रा जेल के अंदर से ही नशे का नेटवर्क चला रहा था। वह पहले से ही कई मामलों में आरोपी है और फिलहाल जेल में बंद है। बताया गया कि मिश्रा अपने परिवार के सदस्यों के जरिए ड्रग की सप्लाई और पैसों का लेनदेन करवा रहा था।
पुलिस ने इस कार्रवाई में राजेश की पत्नी रीना मिश्रा, बेटा विनायक, बेटी कोमल, और दो अन्य सहयोगियों यश और अजीत को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान घर से 6.075 किलोग्राम गांजा और 577 ग्राम स्मैक भी बरामद की गई। यह सभी पदार्थ घर के कमरों में पन्नियों और थैलों में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब टीम ने घर पर दबिश दी, तो रीना ने दरवाजा बंद कर लिया और घर के अंदर से कुछ सामान छिपाने की कोशिश की। बाद में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो पुलिस ने परिवार के सदस्यों को मादक पदार्थों को छिपाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, रीना मिश्रा 25 दिन पहले ही जेल से छूटी थी। वह पहले भी नशे के कारोबार में शामिल पाई गई थी और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए राजेश मिश्रा से जेल में पूछताछ की तैयारी कर रही है।
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद नकदी को जब्त कर लिया गया है और इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि यह मामला राज्य में सक्रिय एक बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि नशे के कारोबार में जेल से भी सक्रिय गैंग राज्य में अपना जाल फैला रहे हैं, जिनके खिलाफ पुलिस अब कड़ी कार्रवाई के मूड में है।

Leave a Reply