Updated On: 10 Nov, 2025

दिल्ली लाल किला ब्लास्ट: ‘स्टिकी बम’ से उड़ाई गई कार! 10 की मौत, राजधानी में हाई अलर्ट – जांच में मिले बड़े सुराग

राजधानी की शाम सोमवार को दहशत में बदल गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास तेज धमाका हुआ। देखते ही देखते एक कार आग के गोले में तब्दील हो गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की इमारतें तक हिल गईं। इस हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 16 से अधिक लोग घायल हैं। कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।


शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि धमाका चलती इको वैन में हुआ था। गाड़ी जैसे ही रेड लाइट पर रुकी, अचानक उसमें विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी आग की लपटों में घिर गईं। फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों ओर अफरा-तफरी मच चुकी थी।


दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित आतंकी हमला है। मौके से आईईडी और स्टिकी बम के अवशेष मिले हैं। एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक टीमें मौके पर जांच में जुटी हुई हैं। स्टिकी बम एक छोटा लेकिन अत्यधिक खतरनाक विस्फोटक होता है, जिसे किसी भी धातु सतह पर चिपकाया जा सकता है और रिमोट या टाइमर से उड़ाया जा सकता है।


गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर और आईबी चीफ से तात्कालिक रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि कोई भी सुराग नज़रअंदाज़ न किया जाए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना की जानकारी ली और हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं।


विस्फोट के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सभी राज्यों में पुलिस ने प्रमुख धार्मिक स्थलों, मॉल्स और सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।


प्रत्यक्षदर्शी रवि चौहान के अनुसार, “धमाका इतना भयानक था कि मेरी कार पर किसी का शव आ गिरा, सब तरफ धुआं और चीख-पुकार थी।”

पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और दरियागंज से लाल किला तक का रास्ता पूरी तरह बंद है।


फिलहाल जांच एजेंसियां हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं — क्या यह किसी बड़े नेटवर्क की साजिश थी या स्थानीय स्तर पर अंजाम दिया गया आतंकी हमला। जवाब अभी आने बाकी हैं, लेकिन इस धमाके ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।