खौफनाक वीडियो: हांगकांग में 31-मंजिला इमारतों में भीषण आग: 13 की मौत, 700 फायरफाइटर तैनात, शहर में मातम और दहशत
हांगकांग के ताई पो ज़िले में बुधवार दोपहर लगी भीषण आग ने शहर को भय और अफरातफरी में डाल दिया। वांग फुक कोर्ट नामक विशाल आवासीय परिसर में अचानक उठीं लपटों ने कुछ ही मिनटों में कई ऊंची इमारतों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इस कॉम्प्लेक्स में करीब 2,000 फ्लैट हैं, जहां हजारों परिवार रहते हैं। आग फैलने की गति इतनी तेज थी कि लोग अपने घरों से बाहर निकल भी नहीं पाए और इमारतों की कई मंज़िलें धुएं से भर गईं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धुएं का घनत्व इतना ज्यादा था कि राहत दलों को कई फ्लैटों में घुसने में भारी दिक्कत आई। कई लोग बालकनियों पर फंसे दिखे, जिन्हें बचाने के लिए फायर सर्विस को क्रेन और एयर-लैडर की मदद लेनी पड़ी।
आग दोपहर 2:51 बजे स्थानीय समय पर शुरू हुई और तेजी से 31 मंजिला टावरों की कई मंजिलों तक फैल गई। स्थिति की भयावहता को देखते हुए फायर सर्विस विभाग ने इसे "लेवल-5 अलार्म फायर" घोषित किया — यह हांगकांग में आग की सबसे गंभीर श्रेणी है, जिसका मतलब है कि शहर की अधिकतम फायरफाइटिंग क्षमता को मौके पर भेजा गया है। करीब 700 से अधिक फायरफाइटर्स, रेस्क्यू टीमें और मेडिकल स्टाफ लगातार राहत कार्य में लगे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे “तूफान जैसी आग” बताया। एक निवासी ने कहा, “लपटें इतनी तेज थीं कि हम नीचे नहीं उतर सके। हमें लगा शायद आज बचना मुश्किल होगा।” कई परिवार अपने प्रियजनों का हाथ थामे इमारतों से बाहर भागते दिखे, जबकि कुछ लोग फ्लैट में फंस गए। कई बच्चों और बुजुर्गों को भी गंभीर चोटें आईं।
प्रशासन ने पूरे परिसर को फिलहाल खाली करवा दिया है। आसपास के इलाकों को भी अलर्ट पर रखा गया है। आग लगने की वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
हांगकांग के लिए यह एक काला दिन साबित हुआ है—एक ऐसा हादसा, जिसकी जली हुई दीवारें और चीखती आवाजें शहर लंबे समय तक याद रखेगा।

Leave a Reply