Updated On: 08 Oct, 2025

सड़क पर हाई-वोल्टेज फैमिली ड्रामा, पति-प्रेमिका और पत्नी में हुआ जमकर हंगामा — वीडियो वायरल

कानपुर, 8 अक्टूबर 2025 – उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को एक होटल के बाहर पति, पत्नी और कथित प्रेमिका के बीच जमकर हंगामा हुआ। यह पूरा घटनाक्रम राहगीरों द्वारा मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया गया और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के नरवल मोड़ के पास का है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसका पति राजकोट (गुजरात) में काम करता है और दीपावली के मौके पर दो दिन पहले ही घर लौटा था। मंगलवार सुबह जब पति घर से निकला, तो पत्नी को उस पर शक हुआ और वह उसका पीछा करते हुए नरवल मोड़ स्थित एक होटल तक पहुंच गई।

वहां महिला ने देखा कि उसका पति होटल से एक युवती का हाथ थामे बाहर निकल रहा है। यह दृश्य देखते ही वह बौखला गई और बीच सड़क पर ही दोनों से बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में झगड़ा मारपीट में बदल गया और आसपास के लोग एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति और प्रेमिका ने उसे धक्का-मुक्की कर घायल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर तीनों को थाने ले गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह घरेलू विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि सटीक घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दौरान ट्रैफिक भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब सामान्य है और आगे की कार्रवाई शिकायत के आधार पर की जाएगी। यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।