नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान CM ने महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब हटाया, घटना पर उठा सियासी विवाद
पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को आयोजित आयुष डॉक्टरों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक घटनाक्रम ने सबका ध्यान खींच लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब महिला आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे, तभी उन्होंने डॉक्टर के हिजाब की ओर इशारा करते हुए सवाल किया। डॉक्टर द्वारा हिजाब बताए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने उसे हटाने को कहा और कथित तौर पर स्वयं हाथ बढ़ाया।
इस अचानक हुई घटना से महिला डॉक्टर कुछ पल के लिए असहज नजर आईं, जबकि मंच पर मौजूद कुछ लोग हंसते हुए दिखाई दिए। हालात को भांपते हुए अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया, नियुक्ति पत्र दोबारा सौंपा गया और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस कार्यक्रम में कुल 1283 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। विपक्षी दलों ने इसे गरिमा और संवेदनशीलता से जुड़ा मामला बताते हुए मुख्यमंत्री की आलोचना की है। वहीं अब तक प्रशासन की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, जिससे चर्चा और तेज हो गई है।

Leave a Reply