12 घंटे में क्या-क्या हुआ: कोतमा होटल हादसे की पूरी टाइमलाइन, 2 की मौत, रेस्क्यू जारी, सीएम का बड़ा ऐलान जाने सब
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शनिवार शाम एक चार मंजिला अग्रवाल होटल अचानक भरभराकर गिर गया।
कुछ ही पलों में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए आगे आए और राहत-बचाव का काम शुरू किया। इसके बाद प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी बुलाया गया, जिसने मोर्चा संभाल लिया है। पिछले 12 घंटों से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
अब तक मलबे से 3 लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू टीम भारी मशीनों और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई है। हर पल उम्मीद और डर के बीच झूलते परिजन अपने अपनों के सुरक्षित निकलने की राह देख रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होटल की इमारत पहले से जर्जर हालत में थी, लेकिन इसके बावजूद वहां लोग ठहरे हुए थे। अचानक आई इस त्रासदी ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस बीच, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों और घायलों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से ₹4-4 लाख, संबल योजना के तहत ₹4-4 लाख और रेडक्रॉस से ₹1-1 लाख की सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से ₹2-2 लाख और रेडक्रॉस से ₹50-50 हजार की राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने दिवंगतों की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। फिलहाल सभी की निगाहें मलबे में फंसे लोगों की सलामती पर टिकी हैं, जहां हर सेकंड किसी चमत्कार की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply