Updated On: 08 Oct, 2025

कहां हैं प्रेमानंद महाराज? अस्पताल की खबरों के बीच आया चौंकाने वाला सच सामने

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को लेकर सोशल मीडिया पर अचानक अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। खबर उड़ी कि महाराज जी की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सुनते ही उनके करोड़ों भक्त बेचैन हो उठे — कोई राधा रानी से उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना कर रहा था, तो कोई सत्य जानने को व्याकुल था।

लेकिन अब इन सबके बीच एक वीडियो सामने आया है जिसने पूरा सच उजागर कर दिया। प्रेमानंद महाराज ने खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से संदेश जारी कर कहा — “हम तो बिल्कुल ठीक-ठाक हैं और आप सबके सामने बैठे हैं। तीन-चार दिन से एकांतिक वार्तालाप कर रहे हैं, किसी ने अफवाह फैला दी कि हम अस्पताल में भर्ती हैं — यह सब झूठ है।”

वीडियो में उनके एक शिष्य ने कहा कि आजकल लोग सच और झूठ में फर्क नहीं कर पा रहे। इस पर महाराज जी मुस्कुराते हुए बोले, “यह सब कलयुग का प्रभाव है। आज लोग बिना सत्य जाने किसी भी बात पर विश्वास कर लेते हैं। इसलिए विवेक से काम लें और अफवाहों से सावधान रहें।”

महाराज ने यह भी बताया कि उन्होंने सिर्फ अपनी पदयात्रा अस्थायी रूप से रोक रखी है, ताकि एकांतिक साधना पर ध्यान दे सकें। इस वीडियो के सामने आने के बाद भक्तों ने राहत की सांस ली और सोशल मीडिया पर प्रेमानंद महाराज के दीर्घायु होने की प्रार्थनाएं फिर से गूंजने लगीं।