जैतपुर के विकास को नई रफ्तार देने की पहल, विधायक जयसिंह मरावी ने स्टेडियम निर्माण की उठाई मजबूत मांग
जैतपुर, शहडोल। विधानसभा क्षेत्र 85 जैतपुर के विधायक जयसिंह मरावी ने क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए जैतपुर में नवीन स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग को पत्र लिखकर स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
विधायक मरावी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जैतपुर विधानसभा क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त संसाधनों और स्टेडियम का अभाव है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का उचित अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि जैतपुर विधानसभा मुख्यालय होने के बावजूद यहां आधुनिक खेल मैदान की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही है और क्षेत्र की जनता भी लगातार स्टेडियम निर्माण की मांग कर रही है।
उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया है कि युवाओं के भविष्य और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जैतपुर में नवीन स्टेडियम निर्माण को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।
क्षेत्रवासियों ने विधायक जयसिंह मरावी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि स्टेडियम का निर्माण होता है तो इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और जैतपुर की प्रतिभाएं राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी। विधायक की यह पहल क्षेत्र के विकास और युवाओं के हित में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply