Updated On: 11 Sep, 2026

कलेक्टर-एसपी के निर्देश पर जैतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत से लदे 5 डग्गी मिनी ट्रक जब्त

रसमोहनी-खैरहनी से शहडोल-बुढ़ार तक अवैध परिवहन की चर्चा, अब असली कारोबारियों पर कार्रवाई का इंतजार
जैतपुर। अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जैतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से लदे 5 डग्गी मिनी ट्रकों को जब्त किया है। सभी वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई जा रही है।
कार्रवाई शहडोल कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी जैतपुर समीर वारिस के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। एक साथ पांच वाहनों की जब्ती को क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
रेत के स्रोत और नेटवर्क पर उठे सवाल
वाहनों की जब्ती के बाद अब रेत के अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक रसमोहनी और खैरहनी क्षेत्र से रेत लोड कर शहडोल एवं बुढ़ार की ओर परिवहन किए जाने की चर्चा है। सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि इस कारोबार में कुछ रसूखदार लोगों की कथित भूमिका हो सकती है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में सवाल उठता है कि अवैध रेत आखिर कहां से निकाली जा रही है और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं? क्या कार्रवाई केवल वाहनों की जब्ती तक सीमित रहेगी या प्रशासन अवैध उत्खनन के स्रोत और पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगा?
असली कारोबारियों की पहचान कब?
पांच वाहनों की जब्ती के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप जरूर मचा है, लेकिन अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल माफिया, वाहन मालिकों और कथित संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच की जाए।
जैतपुर पुलिस की कार्रवाई ने यह संदेश जरूर दिया है कि अवैध रेत परिवहन पर शिकंजा कसा जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच जब्त पांच वाहनों से आगे बढ़कर अवैध रेत के स्रोत और कथित कारोबारियों तक पहुंचती है या नहीं।