Updated On: 09 Oct, 2025

करवा चौथ की सजी थी थाली, तभी पहुंचा बॉयफ्रेंड — 15 गुंडों संग पत्नी को उठा ले गया!

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया। करवा चौथ से ठीक दो दिन पहले, जब पति अपनी पत्नी के लिए व्रत और पूजा की तैयारी कर रहा था, तभी उसकी ज़िंदगी में तूफान आ गया। पत्नी का पुराना बॉयफ्रेंड 15 बदमाशों के साथ घर पहुंचा और ससुराल में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

ये घटना तिघरा थाना क्षेत्र के गिर्जा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, गिरिराज गुर्जर की शादी डेढ़ साल पहले श्योपुर जिले की अन्नू गुर्जर से हुई थी। बुधवार देर रात अन्नू का पुराना प्रेमी योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी अपने 14 साथियों के साथ घर पहुंचा। सभी हथियारों से लैस थे। उन्होंने गिरिराज के माता-पिता, दादी और चाचा को बंदूक के बटों से बेरहमी से पीटा और फिर अन्नू को उठा ले गए।

गौर करने वाली बात यह है कि अन्नू 9 महीने की गर्भवती है। घरवाले बच्चे की आने वाली किलकारी को लेकर खुश थे, लेकिन अचानक हुए इस हमले से पूरा परिवार सदमे में है।

बताया जा रहा है कि अन्नू और योगेंद्र का शादी से पहले प्रेम संबंध था। शादी किसी और से हो गई, लेकिन योगेंद्र इस रिश्ते को भूल नहीं पाया। उसने धमकाना शुरू किया और आखिरकार करवा चौथ से ठीक पहले अपनी प्रेमिका को बंदूक की नोक पर भगा ले गया।

पुलिस ने गिरिराज की शिकायत पर मुरैना निवासी योगेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं, लेकिन उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है।

गांव में अब बस एक ही सवाल गूंज रहा है — “करवा चौथ की रात पति जागता रह गया… और पत्नी अपने प्रेमी संग चली गई।”