Updated On: 09 Oct, 2025

जहरीली दवा से 20 बच्चों की मौत! कोल्ड्रिफ सिरप बनाने वाली श्रीसन फार्मा का मालिक रंगनाथन गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में बच्चों की मौत से जुड़ी जहरीली खांसी की दवा ‘कोल्ड्रिफ सिरप’ कांड में बड़ा एक्शन हुआ है। इस दवा को बनाने वाली श्रीसन फार्मा कंपनी के मालिक एस. रंगनाथन को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार देर रात चेन्नई के अशोक नगर से पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने रंगनाथन पर लंबे समय से नजर रखी थी। उन्हें पकड़ने के लिए एमपी पुलिस की टीम चेन्नई और कांचीपुरम पहुंची थी। SIT ने पहले ही उनकी सूचना देने पर ₹20,000 का इनाम घोषित किया था। रंगनाथन को अब ट्रांजिट रिमांड पर लेकर छिंदवाड़ा लाया जाएगा, जहां बच्चों की सबसे ज्यादा मौतें हुईं।
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पुलिस ने उनके चेन्नई-बेंगलुरु हाइवे स्थित 2,000 वर्गफुट के अपार्टमेंट को सील कर दिया है। वहीं कंपनी का कोडम्बक्कम ऑफिस बंद मिला। जांच टीम ने उनकी कांचीपुरम फैक्ट्री में भी सैंपल और दस्तावेज जब्त किए हैं।
पूछताछ में रंगनाथन ने बताया कि उन्होंने प्रोपलीन ग्लायकॉल नामक रासायनिक पदार्थ के 50-50 किलो के दो बैग खरीदे थे, लेकिन पुलिस को इसकी कोई खरीद रसीद या टेस्ट रिपोर्ट नहीं मिली। यह भुगतान कैश और गूगल पे से किया गया था। जांच में सामने आया कि कंपनी ने सस्ता और घटिया केमिकल खरीदकर बच्चों की जान से खिलवाड़ किया।
घटना की शुरुआत 22 अगस्त से हुई थी, जब छिंदवाड़ा जिले में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। 4 सितंबर तक 20 बच्चों की मौत हो चुकी थी। राजस्थान में भी इसी दवा से तीन बच्चों की मौत हुई। इसके बाद तमिलनाडु, केरल और राजस्थान में इस दवा पर बैन लगा दिया गया।
ड्रग टेस्ट रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सिरप में 48.6% डाईथाइलीन ग्लायकॉल मिला था — जो आमतौर पर ब्रेक फ्लुइड और इंक में इस्तेमाल होता है। यही जहरीला केमिकल किडनी, लिवर और ब्रेन को नुकसान पहुंचाता है।
अब रंगनाथन की गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि इस खतरनाक फार्मा नेटवर्क की पूरी साजिश का खुलासा होगा।