Updated On: 12 Oct, 2025

लॉस एंजिल्स में बड़ा हादसा — हंटिंगटन बीच होटल के पास हेलीकॉप्टर क्रैश, 5 लोग घायल

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ जब हंटिंगटन बीच होटल के पास एक हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक बच्चे समेत पांच लोगों के घायल होने की खबर है। सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर कुछ ऊंचाई पर उड़ रहा था जब अचानक वह असंतुलित होकर तेजी से घूमने लगा और कुछ ही सेकंड में ताड़ के पेड़ों के बीच जाकर गिर गया। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें हेलीकॉप्टर को गिरने से पहले आसमान में अनियंत्रित रूप से घूमते हुए देखा जा सकता है।

हंटिंगटन बीच पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर में सवार दो लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया जबकि तीन पैदल यात्री भी इस हादसे में घायल हुए। सभी पांचों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे के बाद पैसिफिक कोस्ट हाईवे के पास, बीच बुलेवार्ड और ट्विन डॉल्फ़िन ड्राइव के बीच एक पार्किंग स्थल के नजदीक हुई। हादसे के बाद पुलिस ने क्षेत्र को बंद कर दिया और लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

वहीं, जांच एजेंसियां हेलीकॉप्टर क्रैश के कारणों की पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक आशंका है कि तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने कहा है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।