Updated On: 12 Oct, 2025

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर किया बड़ा हमला, 58 सैनिकों की मौत का दावा

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। शनिवार देर रात अफगान सैनिकों ने सीमा पार स्थित पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर हमला किया है।

अफगान मीडिया के अनुसार, इस हमले में पाकिस्तान के 58 सैनिक मारे गए हैं और अफगान बलों ने दो प्रांतों में दो पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा कर लिया है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को बंधक बनाया गया है। 👋


जानकारी के मुताबिक, डूरंड लाइन के कुर्रम जिले के गावी इलाके में अफगान सेना ने हमला किया। कुनार और हेलमंद प्रांतों में कई चौकियों को तबाह कर दिया गया है। हेलमंद के बहरम चाह जिले में अफगान सैनिकों ने एक पाकिस्तानी टैंक पर कब्जा भी कर लिया है।


अफगान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह ख्वारिज्मी ने कहा, “हमने यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा बार-बार सीमा उल्लंघन और हवाई हमलों के जवाब में की है। अगर पाकिस्तान ने दोबारा ऐसी हरकत की, तो हमारी सेना पूरी तरह तैयार है।”


वहीं पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि अफगान सेना की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि “ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।”

पाक सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान ने चार स्थानों पर तोपखाने से जवाबी कार्रवाई की है।


इस बीच, सऊदी अरब, कतर और ईरान ने दोनों देशों से संयम बरतने और संवाद के ज़रिए समाधान खोजने की अपील की है।

गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को पाकिस्तान ने काबुल में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों पर हवाई हमला किया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था।